कानपुर के किदवईनगर में ऑटो से स्टंटबाजी कर रहे चालक को टोकने पर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर मां-बेटी और उनके तीन परिजनों पर ब्लेड से हमला कर लहूलुहान कर दिया। हमले से घायल रानी के चेहरे पर 15 और उनकी छोटी बहन प्रीति के गाल पर 10 टांके आए। रानी की बेटी पलक की कलाई में जख्म हो गया। बड़ी बहन राधा और प्रीति के पति गौरव भी घायल हो गए। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी चालक किदवईनगर के एन ब्लॉक कच्ची बस्ती के आदिल खान को गिरफ्तार कर लिया।
उसे शुक्रवार को कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया। किदवईनगर एन ब्लॉक कच्ची बस्ती निवासी रानी ने पुलिस को बताया कि वह गुरुवार की शाम बड़ी बहन राधा, छोटी बहन प्रीति व उसके पति गौरव, बेटी पलक के साथ बाजार जा रही थीं। घर से थोड़ी दूरी पर गली में तेज रफ्तार ऑटो चालक स्टंटबाजी करते निकला और आगे जाकर पलट गया। ऑटो कच्ची बस्ती का आदिल खान चला रहा था जबकि जीशान और दो अज्ञात युवक बैठे हुए थे। उन्होंने स्टंटबाजी का विरोध किया। आरोप है कि ऑटो सवार युवकों ने गाली गलौज करते हुए हाथापाई कर दी।