कानपुर में चालक की हत्या कर लोडर लूटने वाले बदमाशों का गुरुवार रात को महाराजपुर पुलिस से आमना-सामना हो गया। पुलिस के रोकने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह जमीन पर गिर गया। इसके बाद पुलिस ने घायल और उसके दो साथियों को दबोच लिया। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पकड़े गए बदमाशों से तमंचे व कारतूस बरामद किए गए है।
डीसीपी पूर्वी श्रवण कुमार ने बताया कि कानपुर देहात के देवराहट थाना क्षेत्र के भलार गांव निवासी अरुण कुमार (35) 28 फरवरी को शिकोहाबाद जाने की बात कहकर निकला था। फिर जालौन जाने की बात परिजनों से कही। इसके बाद से अरुण का फोन बंद हो गया था। लोडर मालिक ने लोडर गुम होने और अरुण के न मिलने की जानकारी दी थी। पुलिस को लोडर चार मार्च को महाराजपुर इलाके में लावारिस खड़ा मिल गया। डीसीपी ने बताया कि सर्विलांस से जानकारी हुई कि 5-7 लोग कालपी के लिए निकले थे।
फोन की सीडीआर निकाली तो रजत, पंकज, आर्यन, हिमांशु, हर्ष और अंकुश के नंबरों से चालक की बात होना पाया गया। पुलिस ने रजत को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पता चला कि उसके साथियों ने अरुण का लोडर लूटने के इरादे से अपहरण कर लिया है। उन लोगों ने सिकंदरा कानपुर देहात पर अरुण को रोका। फिर जालौन चलने की बात कही। इसके बाद रास्ते में शराब पिलाई और अंगौछे से गला घोंटकर हत्या कर शव को कालपी के मदारीपुर मोड़ पर जौधर नाले के पास फेंक दिया था। इसके बाद लोडर लेकर भाग निकले। ये लोग कालपी से लोडर लेकर महाराजपुर पहुंचे। वहां खाना खाने के बाद लोडर को छोड़ दिया।
इस जानकारी के बाद पुलिस ने कालपी से अरुण का शव बरामद कर लिया। उसके अपहरणकर्ताओं और हत्यारों की तलाश शुरू कर दी। डीसीपी ने बताया कि गुरुवार देर शाम महाराजपुर थाना प्रभारी सहकर्मियों के के साथ अपोलो इंजीनियरिंग कॉलेज के पास चेकिंग कर रहे थे। इस बीच वहां बाइक से पहुंचे तीन युवक और पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की तो एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह लोग बाइक समेत गिर पड़े। पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। घायल बदमाश की पहचान कालपी निवासी हिमांशु निषाद के रूप में हुई है। हिमांशु को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उसके दो साथियों भोगनीपुर पुखरायां निवासी हर्ष जाटव व अंकुश को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों से एक बाइक व तमंचे बरामद किए गए है। तीनों से पूछताछ की जा रही है।