कल्याणपुर थानाक्षेत्र में केडीए हाइट्स * की चौथी मंजिल पर बने फ्लैट में शनिवार देर शाम अचानक भीषण आग लग गई। घटना के वक्त मकान मालिक परिवार के साथ इस्कॉन मंदिर गए थे। आग की ऊंची-ऊंची लपटें देख फ्लैट में रहने वाले दहशत में आ गए। आनन फानन लोग नीचे उतर आए। पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत कर डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया।
श्याम बहादुर सिंह एक थर्मल कंपनी में मैनेजर हैं। वे केडीए हाइट्स ब्लॉक बी के टावर दो में अजय सक्सेना के फ्लैट नंबर 412 में पत्नी प्रिया सिंह और बेटी शगुन के साथ किराए पर रह रहे हैं। शनिवार शाम करीब साढ़े छह बजे वह परिवार के साथ इस्कॉन मंदिर गए। घर में ताला लगा हुआ था। अचानक घर में आग लग गई। देखते ही देखते बड़ी बड़ी लपटें उठने लगीं। कपड़े प्रेस करने वाले राजेश कुमार ने उन्हें आग की सूचना दी। लपटें इतनी तेज थी पूरे कैंपस में हड़कंप मच गया। अपार्टमेंट के लोग नीचे मैदान में आ गए। पड़ोसी मोहित बाजपेई, राजेश तिवारी ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचित किया।