हनुमंत विहार के योगेंद्र विहार खाड़ेपुर स्थित जूट कारखाने में रविवार शाम शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने तुरंत कारखाना मालिक और यूपी-112 पुलिस को सूचना दी। लोगों ने सबमर्सिबल पंप से पानी डालकर आग को फैलने से रोकने की कोशिश की। प्रयागनारायण शिवाला निवासी संजय गुप्ता यहां किराये के मकान में जूट के बोरे बनाने का कारखाना चलाते हैं। उनके अनुसार वह शाम 6:30 बजे कारखाना बंद कर घर चले गए थे। करीब एक घंटे बाद पड़ोसी ने आग लगने की सूचना दी।
मौके पर पहुंचने तक स्थानीय लोग आग बुझाने में जुटे थे। सूचना पर किदवईनगर और फजलगंज से दमकल की दो गाड़ियां पहुंचीं। करीब आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि लाखों रुपये के नुकसान की बात कही जा रही है।