कानपुर में महापौर और पार्षदों के कार्यकाल के 5 साल पूरे होने पर मंगलवार को सदन में विदाई समारोह आयोजित किया गया। 12:30 बजे शुरू हुए समारोह में महापौर प्रमिला पांडेय ने पहली बार सदन पटल से नीचे आकर पार्षदों के साथ फोटो खिंचाई। गिले-शिकवे भी दूर किए। नगर निगम की तरफ से दोपहर 12 बजे सदन में विदाई समारोह आयोजित किया गया, पर 12:30 बजे तक 28 पार्षद आने के बाद समारोह शुरू हुआ।
महापौर प्रमिला पांडेय ने कहा कि यह हंसने-हंसाने का सदन है। पुराने गिले-शिकवे भुलाने का सदन है। उन्होंने हंसते - हंसते कट जाएं रस्ते, जिंदगी यूं ही चलती रहे..., हंसता हुआ नूरानी चेहरा... गीत गाए। कहा कि खुशी - खुशी पांच साल आराम से निकाले हैं। आगामी निकाय चुनाव की ओर इशारा करते हुए कहा कि जो पार्टी को मंजूर होगा, उसका सम्मान करेंगी। अधिकारियों की भी तारीफ की।