संदीप कुमार तिवारी की फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
पनकी के इस्पातनगर में शुक्रवार को सरिया फैक्टरी में अचानक भारीभरकम मशीन के गिरने से नीचे दबकर विश्वबैंक कॉलोनी निवासी संदीप कुमार तिवारी (38) की मौत हो गई। परिजन का आरोप है फैक्टरी प्रबंधन की ओर से उन्हें कोई सूचना नहीं दी गई। एक कर्मचारी की सूचना पर वह लोग अस्पताल पहुंचे जहां स्ट्रेचर पर संदीप का शव मिला। परिजन ने लापरवाही का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया।
संदीप तिवारी बीते दो साल से स्टील्स फैक्टरी में काम कर रहे थे। परिवार में पत्नी दीप्ति, बच्चे अनवी, अदिति और मां दुर्गावती हैं। बड़े भाई अमित तिवारी ने बताया कि मशीन का वजन करीब पांच टन रहा होगा। आरोप है कि फैक्टरी प्रबंधन ने संदीप को किसी तरह मशीन के नीचे से निकलवाकर हैलट में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पनकी इंस्पेक्टर दिनेश सिंह बिष्ट के अनुसार जांचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।