कानपुर में महाराजपुर के रूमा औद्योगिक क्षेत्र में निकोलस पिगमेंट्स एंड इंक्स फैक्टरी में भीषण आग लगने के बाद केमिकल के एक के बाद एक ड्रमों के फटने के कारण आसपास के वातावरण में भीषण दुर्गंध फैल गई। आग बुझाने में जुटे लोगों को रुमाल, गमछा और मास्क का सहारा लेना पड़ा। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गंध इतनी भीषण थी कि दमकलकर्मियों तक को सांस लेना दूभर हो रहा था। आंखों में जलन के कारण आंसू निकल रहे थे। रात 8:30 बजे से एक बजे चार घंटे तक आग की जद्दोजहद करते रहे।
2.20 मिनट बाद फायर ब्रिगेड की टीम फैक्टरी के अंदर पहुंची
इंक फैक्टरी में आग रात करीब 8:30 बजे लगी। आग की लपटें इतनी भयानक थीं कि फायर ब्रिगेड की टीम को बाहरी हिस्से की आग को काबू पाने में दो घंटे से ज्यादा का समय लग गया। गेट पर आग बुझाने के बाद टीम रात करीब 11:20 बजे फैक्टरी के अंदर बमुश्किल दाखिल हो सकी।
Kanpur Ink Factory Fire Accident
- फोटो : amar ujala
सुबह की शिफ्ट में 70-80 रात में 15 लोग
कुछ फैक्टरीकर्मियों ने बताया कि इस फैक्टरी में सुबह की शिफ्ट में करीब 70-80 कर्मचारी काम करते हैं। वहीं रात की शिफ्ट में 12-15 लोग मौजूद रहते हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना के समय भी केमिकल के शिफ्टिंग किए जाने की आशंका है जिससे हादसा हुआ। वहीं, दूसरी ओर शॉर्ट सर्किट भी एक वजह मानी जा रही है। औद्योगिक क्षेत्र में कारोबार करने वाले कुछ लोगों ने बताया कि इंक फैक्टरी के ठीक बगल में इसी की यूनिट टू है। इसके बगल में खाद्य ऑयल की बड़ी फैक्टरी है। अगर चारों ओर से घेरकर पानी की अनवरत बारिश न की जाती तो आग ऑयल फैक्टरी तक पहुंच जाती और इसके बाद आग संभाले न संभलती।
हाईवे पर संभालना पड़ा मोर्चा
फैक्टरी में केमिकल के फटने के बाद 100 फीट ऊंची लपटें कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे से गुजर रहे लोगों को साफ दिख रही थी। आग की भयावहता का नजारा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लोग अपने-अपने वाहनों को बेतरतीब हाईवे से खड़े होकर तमाशा देखने लगे। इस वहां पर कई बार जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। 112 वाहन ने आकर उन लोगों को डंडा पटककर हटवाया।
Kanpur Ink Factory Fire Accident
- फोटो : amar ujala
सुबह होगा निरीक्षण, तपन ठंडक करने तक आवाजाही बंद
सीएफओ दीपक शर्मा ने बताया कि आग की तपन के कारण वहां पर टेंप्रेचर हाई है। रात बिरात कोई अप्रिय घटना न हो जाए इसके लिए रातभर अग्निशमन की गाड़ियां, एसडीएआरफ और अन्य टीम तैनात रहेंगी। ठंडक पाने के बाद सुबह निरीक्षण के बाद आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
छतों पर चढ़कर बनाते रहे आग के वीडियो
फैक्टरी में आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा था। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए। बड़ी संख्या में लोग घरों और आसपास की इमारतों की छतों पर चढ़ गए। कोई मोबाइल से आग का वीडियो बनाने लगा तो कोई धमाकों के बीच उठती लपटों को देखकर सहम गया। देखते ही देखते अग्निकांड के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे। पुलिस लगातार लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की हिदायत देती रही। भीड़ जुटने से बचाने के लिए पुलिसकर्मियों ने लोगों को पीछे हटाया।
Kanpur Ink Factory Fire Accident
- फोटो : amar ujala
ये था पूरा हादसा
महाराजपुर के रूमा यूपीएसआईडीसी स्थित इंक फैक्टरी में मंगलवार रात भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर फैक्टरी में रखे 20 से अधिक केमिकल ड्रम एक के बाद एक तेज धमाकों के साथ फटने लगे। करीब 100 फीट ऊंची लपटें उठने लगीं। हालात बेकाबू होते देख पुलिस-प्रशासन ने फैक्टरी के एक किलोमीटर के दायरे को खाली करा लिया। आसपास के गांवों से लोगों को बाहर निकाला गया। केआईटी के हॉस्टल को भी खाली करा दिया गया।
करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका
आसपास की फैक्टरियों में काम बंद कराकर कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया। दमकल की दो दर्जन से अधिक गाड़ियां, एसडीआरएफ और पीएसी की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं। रात 12 बजे तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका था। फैक्टरी में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका है। रूमा औद्योगिक क्षेत्र में निकोलस पिगमेंट्स एंड इंक्स नाम से संचालित फैक्टरी में प्रिंटिंग प्रेस में इस्तेमाल होने वाली इंक और चमड़े की फिनिशिंग में काम आने वाले केमिकल बनाए जाते हैं।
Kanpur Ink Factory Fire Accident
- फोटो : amar ujala
केमिकल के ड्रम एक के बाद एक फटने लगे
फैक्टरी के मालिक रवींद्र देव वर्थ और डायरेक्टर अनुराधा हैं। मंगलवार रात करीब 8:30 बजे अचानक फैक्टरी में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी फैक्टरी को अपनी चपेट में ले लिया। आग की तपिश से फैक्टरी में रखे केमिकल के ड्रम गर्म होकर एक के बाद एक फटने लगे। तेज धमाकों से पूरा इलाका गूंज उठा। कुछ ही देर में घटनास्थल पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। सूचना पर करीब आधे घंटे में दमकल की गाड़ियां पहुंच गईं।
धमाकों और जहरीली गंध के कारण मुश्किलें आने लगीं
आग की भयावहता देखते हुए जिले के अलग-अलग अग्निशमन केंद्रों से अतिरिक्त वाहन बुलाए गए। दमकलकर्मियों ने चारों तरफ से घेरकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया लेकिन केमिकल ड्रमों में लगातार हो रहे धमाकों और जहरीली गंध के कारण राहत कार्य में मुश्किलें आने लगीं। ब्रीदिंग सेट पहनने के बावजूद दमकलकर्मी फैक्टरी के भीतर दाखिल नहीं हो पा रहे थे। सीएफओ दीपक शर्मा ने घटनास्थल पहुंचकर मोर्चा संभाला।
Kanpur Ink Factory Fire Accident
- फोटो : amar ujala
आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बता रहे हैं
रात करीब 10 बजे एडीसीपी शिवा सिंह और डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता भी पहुंचे और राहत कार्य का जायजा लिया। करीब 10:05 बजे एसडीआरएफ की टीम ने मोर्चा संभाला। एहतियात के तौर पर पीएसी की एक प्लाटून भी तैनात कर दी गई। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी देर रात तक मौके पर डटे रहे। रात 12 बजे तक आग बुझाने का प्रयास जारी था, लेकिन लपटें थमने का नाम नहीं ले रही थीं। अभी तक आग लगने का कारण अधिकतर शॉर्ट सर्किट बता रहे हैं।