कानपुर में नौबस्ता थाना क्षेत्र के हंसपुरम में शराब के पैसों के विवाद में बिजली कारीगर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि शराब के लिए रुपये मांगने पर इनकार करने से नाराज आधा दर्जन लोगों ने उस पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। गंभीर हालत में परिजन उसे कांशीराम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हंसपुरम निवासी हेमंत कुमार वर्मा (42) बिजली और प्लंबरिंग का काम करते थे। परिवार में पत्नी संध्या उर्फ मनीषा, बेटा अर्पित और बेटियां आराध्या व अर्पिता हैं। छोटे भाई अमित वर्मा ने बताया कि हेमंत शराब पीने के आदी थे। गुरुवार देर रात वह घर पर उदास बैठे थे। पूछने पर उन्होंने शराब पीने के लिए पैसे न होने की बात कही, जिस पर उन्होंने हेमंत को 200 रुपये दे दिए।