पंजाब में जबरदस्त प्रदर्शन कर अपने दम पर सरकार बनाने जा रही आम आदमी पार्टी ने गोवा और उत्तराखंड में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। लेकिन उत्तर प्रदेश में झाड़ू नहीं चली। कानपुर की बात करें तो दस सीटों में से सात पर आप के प्रत्याशी नोटा (इनमें से कोई नहीं) से भी पिछड़ गए।
सभी की जमानत जब्त हो गई। गोविंदनगर, किदवई नगर, आर्यनगर के प्रत्याशी ही नोटा से आगे निकल पाएं हैं। यही नहीं, कई क्षेत्रीय दल व निर्दलीय भी नोटा से ज्यादा वोट हासिल करने में नाकाम रहे। सीसामऊ, बिठूर, महाराजपुर, घाटमपुर, कैंट, कल्याणपुर और बिल्हौर में आप का कोई भी प्रत्याशी नोटा से ज्यादा वोट नहीं पा सका।
कुल दस सीटों पर आप को 9,356 वोट मिले वहीं 11, 454 लोगों ने नोटा बटन दबाया। इसके अलावा जन अधिकार पार्टी, राष्ट्रीय समाज पक्ष, भारतीय शक्ति चेतना पार्टी, विकासशील इंसान पार्टी, राष्ट्रीय जन उत्थान पार्टी, जन अभियान पार्टी, अर्जक अधिकार दल, सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (कम्युनिस्ट), राष्ट्रीय विकलांग पार्टी, अखिल भारतीय सोशलिस्ट पार्टी, भारतीय समता पार्टी समेत कई निर्दलीय प्रत्याशियों को भी नोटा ने पछाड़ते हुए वोट के मामले में पांचवां-छठा स्थान हासिल किया।