रुपये देने से मना किया तो घेरकर पीटा
उजियारीपुरवा निवासी दिनेश छह अगस्त की रात काम से घर लौट रहा था। आरोप है कि सूर्य विहार स्थित केनरा बैंक के पास छोटू बिहारी, छोटू पुत्र बिंदा और दो अन्य युवकों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने शराब पीने के लिए रुपये मांगे। दिनेश के इनकार करने पर चारों ने उसे पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि ईंट-पत्थरों से सिर और शरीर के कई हिस्सों पर वार किए गए। गंभीर रूप से घायल दिनेश को मरा समझकर आरोपी सड़क किनारे छोड़कर भाग निकले।
खून से लथपथ मिला था दिनेश
रात करीब 11 बजे राहगीरों ने दिनेश को सड़क किनारे खून से लथपथ पड़ा देखा। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान 11 अगस्त को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
2021 में बड़े भाई राजकुमार की हुई थी हत्या
दिनेश के भाई राजेश ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2021 में उनके बड़े भाई राजकुमार (27) की भी पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। मामले में दीपू सागर, आकाश उर्फ अक्का, विकास उर्फ विक्का समेत सात लोग नामजद हुए थे। परिजनों के मुताबिक, हत्याकांड में जेल गए कुछ आरोपी हाल में जमानत पर बाहर आए थे। आरोप है कि इसके बाद पुरानी रंजिश में दिनेश को भी निशाना बनाया गया।
चार टीमें लगाईं, तीन हिरासत में
हालांकि पुलिस पुराने हत्याकांड और वर्तमान घटना के बीच संबंध की जांच कर रही है। नवाबगंज इंस्पेक्टर राम केसर ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें लगाई गई हैं। तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।