सीएम ग्रिड योजना के तहत पहले चरण में बनने वाली चार सड़कों के टेंडर खुलने से पहले ही दूसरे चरण में आठ सड़कें बनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसके लिए शासन से 100 करोड़ रुपये आवंटित भी हो चुके हैं। दक्षिणी, पश्चिमी और पूर्वी क्षेत्र की सड़कों को चिह्नित कर लिया गया है। अरबन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट एजेंसी (यूरिडा) के टीम जल्द ही यहां आकर इनमें से चार-पांच सड़कों के निर्माण के लिए हरी झंडी देगी।
दरअसल, वित्तीय वर्ष 2022-23 में कानपुर नगर निगम को गृहकर के लक्ष्य से 40 करोड़ रुपये ज्यादा वसूलने पर मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (सीएम ग्रिड योजना) के तहत 100 करोड़ रुपये पिछले वित्तीय वर्ष 2023-24 में आवंटित किए गए हैं। इस धन से इस योजना की गाइडलाइन के अनुसार निर्माण के लिए चार सड़कें चयनित की गईं। इनके निर्माण के लिए टेंडर छह अगस्त को दोपहर तक पड़ेंगे और उसी दिन शाम को खुलेंगे। सभी सड़कें चार लेन की, बीच में डिवाइडर, दोनों तरफ फुटपाथ, यूटिलिटी डक्ट, सीवरलाइनें बिछेंगी। इस योजना के तहत यशोदानगर, कर्रही रोड, किदवईनगर, कल्याणपुर की सड़कों के दायरे में आ रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए नोटिस दिए जा रहे हैं।
इसी तरह वित्तीय वर्ष 2023-24 में भी तब के नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन के नेतृत्व में नगर निगम ने लगातार दूसरी बार निर्धारित लक्ष्य से ज्यादा गृहकर वसूला। इस बार भी इसी योजना के दूसरे चरण के तहत भी चालू वित्तीय वर्ष में कानपुर नगर निगम को 100 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इसी धन से आठ और सड़कें बनाई जाएंगी।