कानपुर में धान खरीदने के बाद किसानों को करोड़ों रुपये का भुगतान न करने पर जिला खाद्य विपणन अधिकारी संतोष कुमार यादव ने एनसीसीएफ और नेफेड के मंडल प्रभारियों के खिलाफ धोखाधड़ी की बादशाही नाका थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी संतोष कुमार यादव ने बताया कि धान खरीद के लिए विभिन्न संस्थाओं की ओर से धान खरीदा गया था। जिसमें एनसीसीएफ की ओर से पांच सेंटर बनाकर 601 किसानों से धान की खरीदा गया था।
जिसमें से 427 किसानों का करीब 4.29 करोड़ रुपये का भुगतान नहीं किया गया। वहीं नेफेड ने 1187 किसानों से धान खरीदा था। जिसमें नेफेड ने 465 किसानों का 4.45 करोड़ का भुगतान नहीं किया। किसानों की शिकायत के बाद जिलाधिकारी ने प्रमुख सचिव खाद्य को एनससीएफ व नेफेड के भुगतान लंबित रखे जाने के संबंध में पत्र लिख भुगतान कराए जाने की मांग की थी।
प्रमुख सचिव की ओर से भुगतान के आदेश देने के बाद भी संस्थाओं ने ऐसा नहीं किया। अब कोतवाली थाने में एनसीसीएफ के मंडल प्रभारी सौरभ यादव और बादशाही नाका थाने में नेफेड के मंडल प्रभारी अर्जुन सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।