कानपुर के कल्याणपुर में नशेबाज ऑटो चालक ने टीएसआई को कुचलने का प्रयास किया। टीएसआई ने जब ऑटो का हैंडल पकड़ा तो चालक घसीटता हुआ लेकर चला गया। इसके बाद ऑटो चालक ने भाजपा नेता को टक्कर मार दी। मामले में चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। टीएसआई सत्येंद्र कुमार तिवारी सोमवार दोपहर आईआईटी चौराहे पर ड्यूटी कर रहे थे।
इसी दौरान कल्याणपुर की ओर से एक नशेबाज चालक अपनी ऑटो लहराते हुए आईआईटी की ओर आ रहा था। टीएसआई ने रोकने का प्रयास किया। ऑटो का हैंडल पकड़ कर चालक को बाहर उतरने के लिए कहा तो चालक ने ऑटो को आगे बढ़ाकर भगाने का प्रयास किया। टीएसआई का हाथ हैंडल में फंस गया।
रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश
ऑटो चालक टीएसआई को घसीटता हुआ चला गया। भागने के प्रयास में ऑटो चालक ने नानकारी रोड में भाजपा नेता देवेंद्र सिंह को भी टक्कर मार दी जिसके बाद ऑटो चालक गाड़ी छोड़कर मौके से भाग निकला। कल्याणपुर थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।