कानपुर में नरवल तहसील के सरसौल बाजार में नालियों के ओवरफ्लो होने से पिछले कई दिनों से गंदगी और बदबू का आलम था। नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा था, जिससे ग्राहक आने से कतरा रहे थे और दुकानदार दुर्गंध के बीच व्यापार करने को मजबूर थे।
गंदगी के चलते बीमारी फैलने का खतरा भी बढ़ गया था। अमर उजाला ने इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर का संज्ञान लेते हुए विभाग हरकत में आया और रविवार को रोस्टर लगवाकर सरसौल बाजार की सफाई शुरू करा दी गई। उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के महामंत्री रजत पांडेय ने बताया कि इस संबंध में कई बार लिखित और मेल से शिकायत की गई थी।