कानपुर शहर के अहिरवां एयरपोर्ट से करीब एक साल बाद फिर से शुरू होने जा रही हवाई सेवा का भव्य शुभारंभ मंगलवार को होगा। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री सुरेश प्रभु, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सांसद मुरली मनोहर जोशी स्पाइस जेट के विमान को हरी झंडी दिखाकर कानपुर-दिल्ली हवाई सेवा की शुरुआत करेंगे।
शुभारंभ समारोह की वजह से पहले दिन फ्लाइट करीब डेढ़ घंटे देरी से दोपहर बाद 3:15 पर उड़ान भरेगी। वैसे फ्लाइट का समय दोपहर 1:35 का है। वहीं दिल्ली जाने के लिए सोमवार को भी शहरियों ने टिकट बुक कराईं। रविवार की अपेक्षा सोमवार को टिकट 736 रुपये महंगा होकर 7090 रुपये में बिका। उधर, एयरपोर्ट अथॉरिटी और स्पाइसजेट की टीम सोमवार को अंतिम चरण की तैयारियों में जोरशोर से जुटी रही। शुभारंभ समारोह में केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति सहित कई और प्रमुख लोग मौजूद रहेंगे। उड़ान से कुछ समय पहले सभी यात्रियों का स्पाइस जेट की तरफ से पुष्प भेंटकर स्वागत भी किया जाएगा।
पहले दिन बुजुर्गों, छात्रों को छूट
हवाई सेवा शुरू होने के पहले दिन स्पाइस जेट की ओर से बुजुर्गों और 12 वर्ष से अधिक उम्र वाले छात्रों को छूट देने की घोषणा की गई। सोमवार को सामान्य किराया 7090 रुपये (एक दिन पहले यह 6354 था) था। छात्रों और बुजुर्गों को 284 रुपये की छूट दी गई। आगे हवाई सेवा में छूट का फिलहाल कोई प्रावधान नहीं है।
3:15 पर उड़ान भरेगा हवाई जहाज
4:40 पर पहुंचेगा दिल्ली
1:35 पर रोजाना दिल्ली के लिए उड़ेगा विमान
2:35 पर पहुंचेगा दिल्ली
1.15 घंटे पहले बंद हो जाएगी ऑनलाइन टिकट की बुकिंग।
45 मिनट पहले तक चकेरी एयरपोर्ट के काउंटर से मिल सकेगा टिकट।
78 सीटर है शहर से दिल्ली जाने वाला स्पाइस जेट का विमान
90 प्रतिशत टिकट बुक हो चुकी हैं पहले दिन की
कानपुर-दिल्ली फ्लाइट को हरी झंडी दिखाने आएंगे सीएम
कानपुर अहिरवां एयरपोर्ट से मंगलवार से शुरू हो रही हवाई सेवा के शुभारंभ समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने का कार्यक्रम तय हो गया है। कानपुर-दिल्ली फ्लाइट को हरी झंडी दिखाने आ रहे मुख्यमंत्री शहर में करीब दो घंटे रुकेंगे।
सोमवार को आए शेड्यूल के मुताबिक मुख्यमंत्री लखनऊ से हेलीकॉप्टर से चलेंगे और दोपहर 1:10 बजे चकेरी एयरपोर्ट पर उतरेंगे। दोपहर 1:20 बजे एयरपोर्ट पर वीआईपी लाउंज में पहुंचेंगे। समारोह में हिस्सा लेने के बाद तीन बजे स्पाइस जेट की कानपुर-दिल्ली फ्लाइट को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके बाद कार द्वारा वीआईपी लाउंज से एयरपोर्ट के लिए निकलेंगे। 3:10 बजे हेलीकॉप्टर से लखनऊ के लिए उड़ान भरेंगे।