शिवम की मौत पर जिला अस्पताल में बिलखती मां व परिजन। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात/पुखरायां। बरौर थाना क्षेत्र के सैदलीपुर गांव के पास शराब के लिए रुपये न देने पर युवक की चेहरा कूंचकर हत्या कर दी गई। इसके बाद हत्यारे फरार हो गए। युवक परिवार का एकलौता पुत्र था। मृतक की मां की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद समेत छह के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने छानबीन शुरू कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
किशोरपुर गांव निवासी शिवम सचान (22) पुत्र अनिल कुमार सचान शनिवार दोपहर में खाना खाने के बाद करीब एक बजे सैदलीपुर जाने के लिए घर से पैदल निकला था। वहां से उसे किसी वाहन से पुखरायां जाना था। सैदलीपुर में सड़क किनारे एक पान की गुमटी के पास पहुंचने पर वहां मौजूद कुछ युवकों ने उससे शराब के लिए रुपये मांगे। रुपये देने से इनकार करने पर युवक मारपीट लगे।
इस दौरान युवकों ने उसके चेहरे पर ताबड़तोड़ वार किए और करीब 35 कदम दूर कच्चे मार्ग पर मरा समझकर फेंक दिया और फरार हो गए। किसी ने मारपीट की जानकारी फोन पर परिजनों को दी। इस पर परिजन मौके पर पहुंचे और शिवम को देवीपुर सीएचसी ले गए। वहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
दोपहर करीब पौने तीन बजे जिला अस्पताल में डॉ. पवन ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर पुलिस को सूचना दी। इस पर बरौर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच की। मौके पर खून पड़ा मिला, जबकि पान की दुकान के पास एक बाइक खड़ी मिली। बाइक किसकी है पुलिस छानबीन कर रही है।
कुछ ही दूरी पर खून लगा एक डंडा भी मिला है। जिला अस्पताल पहुंची फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलित किए। शिवम की मां नीलम देवी ने तीन नामजद समेत छह लोगों के खिलाफ पुत्र की हत्या की तहरीर दी है। बरौर एसओ गंगा सिंह ने बताया कि प्रारंभिक छानबीन में मारपीट की बात सामने आई है।
चेहरे पर ताबड़तोड़ वार किए गए। सैदलीपुर गांव के छोटू उस्ताद, विश्वनाथ, कल्लू ड्राइवर के साथ तीन अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।