सिकंदरा। इटावा-कानपुर हाईवे पर महमूदपुर गांव के पास मंगलवार को सड़क किनारे खड़े ट्रॉला में बाइक सवार दंपती और मासूम टकराकर घायल हो गए थे। देर रात हैलट अस्पताल में उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। पत्नी की हालत नाजुक बनी हुई है।
औरैया के सुरान निवासी धर्मेंद्र कुशवाहा (30) पत्नी रूबी (28) व बेटे अमरेंद्र (एक साल) के साथ बाइक से सिकंदरा के आजाद नगर आ रहे थे। महमूदपुर गांव के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रॉला से टकरा गई थी।
हादसे में तीनों घायल हो गए थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहीं सिकंदरा कस्बे की शिक्षिका धीरज कटियार ने तीनों को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया था। वहां बालक का उपचार किया गया। वहीं, दंपती को पहले जिला अस्पताल और वहां से कानपुर नगर के हैलट चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
मंगलवार देर रात हैलट में धर्मेंद्र ने दम तोड़ दिया। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम हुआ। इसके बाद परिवार के लोग शव लेकर गांव पहुंचे और अंतिम संस्कार कर दिया। पत्नी रूबी का हैलट में उपचार चल रहा है। थाना प्रभारी संजेश कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।