विजय उर्फ छोटू की मौत पर बिलखते परिजन। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
रूरा। सिठमरा के पास रूरा-झींझक रोड पर वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक सड़क पर गिरकर गया। हेलमेट नहीं लगाए होने से उसके सिर पर गंभीर चोट आई, जिससे अधिक रक्त बह गया।
जानकारी पर परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। चार दिन पूर्व ही उसकी शादी हुई थी। वह ममेरी बहन को सिकंदरा छोड़ने जा रहा था।
अंबियापुर निवासी विजय उर्फ छोटू शनिवार दोपहर ममेरी बहन खुशबू को बाइक से सिकंदरा छोड़ने जा रहा था। सिठमरा गांव के पास तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
हालांकि खुशबू सुरक्षित बच गई। हेलमेट नहीं लगाए होने से विजय के सिर में गहरी चोट लग गई, जिससे खून बहने लगा। ममेरी बहन ने हादसे की जानकारी परिजनों को दी।
इसके बाद पहुंचे परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टर श्रीप्रकाश ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम से इन्कार कर परिजन शव गांव ले गए। परिजनों ने बताया कि विजय हैदराबाद में प्राइवेट नौकरी करता था।
शादी तय होने पर वह 20 नंवबर को घर आया था। एक दिसंबर को हारामऊ निवासी करिश्मा से उसकी शादी हुई थी। थाना प्रभारी अनूप कुमार निगम ने बताया कि किसी ने मामले में तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
जिला अस्पताल के डॉ. श्रीप्रकाश से बताया कि हादसे में युवक का सिर फटने से उसका अधिक खून बह गया। युवक मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। लोगों में इस बात की चर्चा रही कि विजय हेलमेट लगाए होता तो उसकी जान बच जाती।