झींझक। कस्बा स्थित रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पार करते समय मरुधर एक्सप्रेस की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। वह शनिवार की रात दिल्ली से झींझक स्टेशन पर लौटा था। घर पहुंचने से पहले उसकी मौत हो गई।
मंगलपुर के भंदेमऊ गांव निवासी अच्छे लाल का बेटा शिवा (20) दिल्ली में मजदूरी करता था। वह चार दिन पहले काम की तलाश में दिल्ली गया था। वहां काम न मिलने पर शनिवार की रात किसी ट्रेन से कानपुर सेंट्रल आया।
रात को दूसरी ट्रेन से वह झींझक रेलवे स्टेशन पर पहुंचा। इसके बाद वह स्टेशन पर ही घूमता रहा। रात करीब 10:52 बजे स्टेशन के पास रेलवे लाइन पार करते समय वह मरुधर एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
चालक ने स्टेशन मास्टर को इसकी खबर दी। इसके बाद रेलवे व जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। कुछ देर बाद ही घटना की सूचना पाकर शिवा की मां बबली, भाई बीरपाल, कमल, वीरेंद्र स्टेशन पहुंचे और शव देखकर बिलख पड़े।
पिता अच्छे लाल ने बताया कि बेटा दिल्ली से लौटने के बाद घर नहीं पहुंचा था। परिजन तलाश करते हुए स्टेशन पहुंचे तो वहां उसका शव मिला। जीआरपी चौकी प्रभारी झींझक मनीष कुमार ने बताया कि हादसे में शिवा की मौत हुई है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।