सरवनखेड़ा (कानपुर देहात)। गजनेर थाना क्षेत्र के गोगूमऊ रेलवे स्टेशन के पास एक युवक का शव ट्रेन से कटा पड़ा मिला। जेब में पड़े आधार कार्ड से उसकी पहचान हुई। वह झांसी जिले का रहने वाला है। गेटमैन की तहरीर पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गेटमैन योगेंद्र प्रसाद ने गोगूमऊ रेलवे स्टेशन व पेराजोर क्रासिंग के बीच पटरी किनारे ट्रेन से कटा शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। पामा चौकी इंचार्ज शिवशंकर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक की जेब से श्रम कार्ड, ट्रेन का टिकट व आधार कार्ड मिला है।
आधार कार्ड से उसकी पहचान झांसी जिले के बबीना किलचुवारा निवासी अजय कुमार अहिरवार (25) के रूप में हुई। गोगूमऊ रेलवे लाइन के दोहरीकरण में लगे मजदूर सोहनलाल ने बताया कि मृतक उसका बहनोई है।
वह मजदूरी के लिए गोगूमऊ आ रहा था। ट्रेन से गिरने से उसकी मौत हो गई है। प्रभारी निरीक्षक शिव प्रकाश सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।