Kanpur Dehat News: रनियां स्थित पशु आहार फैक्टरी में काम के दौरान गिरकर घायल हुए 55 वर्षीय कर्मी की इलाज के दौरान मौत हो गई। शुक्रवार को गुस्साए परिजन और स्थानीय लोग शव को फैक्टरी के मुख्य द्वार पर रखकर बैठ गए और उचित मुआवजे व न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
कानपुर देहात में रनियां थाना क्षेत्र के विसायकपुर स्थित पशु आहार फैक्टरी में काम के दौरान गिरकर घायल हुए कर्मी की इलाज के दौरान मौत हो गई। शुक्रवार को परिजन शव लेकर फैक्टरी गेट पर पहुंच गए और मुआवजे की मांग को लेकर बैठ गए। रनियां के आंबेडकर नगर निवासी जयराम पाल (55) फैक्टरी में काम करते थे। 19 अक्तूबर को काम के दौरान गिरने से वह घायल हो गए थे।
फैक्टरी प्रबंधन की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उन्हें कानपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव लेकर फैक्टरी गेट पर पहुंच गए और मुआवजे की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाने लगे। थानाध्यक्ष सौरभ सिंह ने बताया कि परिवार के लोग मुआवजे की मांग कर रहे हैं। परिजनों को समझाया कर मामला शांत कराया जा रहा है।