घटना स्थल पर खड़ा ट्रक व फंसी बाइक। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
रसूलाबाद। असालतगंज के चौबेपुर गांव के पास अनियंत्रित डंपर ने शादी समारोह में जा रहे बाइक सवार दंपति व मासूम बेटी को टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौत हो गई। पति और बेटी के गंभीर रूप से घायल होने पर सीएचसी से हैलट रेफर कर दिया गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लिया है, वहीं चालक फरार है।
अकबरपुर के पितांबरपुर निवासी मुकेश कुमार (40) पत्नी रानी यादव (35) और पांच वर्षीय बेटी सीमा के साथ बाइक से गुंदार गांव निवासी भांजी कल्पना के विवाह समारोह में जा रहे थे। वहीं, दूसरी बाइक से मुकेश के बड़े भाई शैलेंद्र और भाभी मिथलेश कुमारी भी समारोह में जा रही थीं।
मिथलेश कुमारी ने बताया कि रसूलाबाद असालतगंज रोड पर इटैली मोड़ के पास मुकेश की बाइक में तिस्ती की ओर से आ रहे डंपर ने टक्कर मार दी। इससे रानी की मौके पर ही मौत हो गई। मुकेश व बेटी सीमा गंभीर रूप से घायल हो गई।
इस दौरान वहीं से गुजर रहे सीएमओ डॉ. एके सिंह ने दोनों को किसी वाहन से सीएचसी रसूलाबाद पहुंचाया। यहां से ईएमओ डॉ. सौरभ शाक्य ने मुकेश व सीमा को हैलट रेफर कर दिया। रानी की मौत पर उसकी बड़ी पुत्री शिवानी, पुत्र शिवा, छुटकऊ व अन्य परिजन बिलख पड़े।
वहीं सूचना गुंदार गांव पहुंचते ही शादी की खुशियां मातम में बदल गई। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।