सिकंदरा (कानपुर देहात)। थाना क्षेत्र के एक ढाबे पर शुक्रवार को चाय पीते समय दिल्ली के धूपबत्ती व्यापारी से 19 लाख की टप्पेबाजी हो गई। व्यापारी को हवन पूजन की बातों में उलझा कर टप्पेबाज नकदी भरा बैग लेकर फरार हो गए। मामले में पुलिस ने तीन शातिरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
दिल्ली के पंजाबी बाग 28 मनोहर पार्क निवासी धूपबत्ती व्यापारी संदीप बंसल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि व्यापार के सिलसिले में कानपुर जाते समय शुक्रवार को सिकंदरा थाना क्षेत्र के कंचन ढाबा पर चाय पीने लगा।
इस दौरान वहां मिली अंजली मिश्रा, महेश गिरि, एक अज्ञात ने हवन पूजन की बातें शुरू की। बातों में उलझा कर पूजा पाठ के लिए हवन सामग्री खरीदने का झांसा दिया। इसी बीच बैग में रखे 19 लाख की नकदी लेकर मौके से भाग निकले।
कुछ देर बाद टप्पेबाजी का एहसास होने पर तीनों शातिरों की खोजबीन की लेकिन उनका पता नहीं चला। प्रभारी निरीक्षक रामगोविंद मिश्रा ने बताया कि पीड़ित व्यापारी की तहरीर पर धोखाधड़ी व लूट समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। तीनों शातिरों की तलाश की जा रही है।