डेरापुर। परौंख गांव के आंबेडकर पार्क में जयपुर से लाई गई करीब डेढ़ लाख रुपये की साढ़े पांच फीट ऊंची डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा लगेगी। पुरानी प्रतिमा हटाने व नई लगाने को लेकर लोगों में नाराजगी है।
गुरुवार को ग्रामीणों ने हंगामा कर पुरानी प्रतिमा को ग्राम सभा की जमीन में लगवाने की मांग की। इस पर अधिकारियों के समझाने व पुरानी प्रतिमा लगाने के लिए जगह निश्चित करने पर ग्रामीण शांत हुए।
परौंख गांव के आंबेडकर पार्क में गुरुवार को जयपुर से लाई गई डॉ. भीमराव आंबेडकर की नई प्रतिमा लेकर अफसर पहुंचे। इसकी जानकारी पर भीमराव आंबेडकर समिति के अध्यक्ष रामलखन, मंत्री हुकुम सिंह, गुड्डू सिंह ने 50 से अधिक ग्रामीणों के साथ पहुंच कर पुरानी प्रतिमा हटाने के विरोध में हंगामा शुरू कर दिया। लोगों ने नई प्रतिमा लगाने का विरोध किया।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्ष 1984 में गांव के नाथूराम, झम्मन लाल, मोहनलाल, रामदयाल, लालाराम आदि बुजुर्ग आगरा से 55 सौ रुपये में प्रतिमा लाए थे। इस प्रतिमा से गांव के बुजुर्गों की आस्था जुड़ी है। इसे हटाने पर हर ग्रामीण आहत होगा। अफसरों ने समझाने का प्रयास किया तो समिति के लोगों ने प्रस्ताव रखा कि पार्क के पीछे ग्राम सभा की जमीन पर पुरानी प्रतिमा स्थापित की जाए तभी नई प्रतिमा लगाने दी जाएगी।
एसडीएम साक्षी शर्मा ने वहीं पुरानी प्रतिमा लगवाने का भरोसा दिया, लेकिन ग्रामीण मानने को तैयार नहीं हुए। जानकारी पर एडीएम वित्त एवं राजस्व जेपी गुप्ता, एएसपी घनश्याम चौरसिया परौंख पहुंचे और समिति के पदाधिकारियों से वार्ता की।
उन्हें पुरानी प्रतिमा पास में ही ग्राम सभा की जमीन पर लगवाने का भरोसा दिया। वहां प्लेट फार्म बनाने का काम भी शुरू कराया। इस पर ग्रामीण शांत हुए। एसडीएम साक्षी शर्मा ने बताया कि ग्रामीणों को आशंका थी कि पुरानी प्रतिमा नहीं लगाई जाएगी। उन्हें समझा दिया गया है।