अतिरिक्त मजिस्ट्रेट से अतिक्रमण की शिकायत करते ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
भोगनीपुर तहसील क्षेत्र के गजा का पुरवा गांव के करीब 22 से 25 ग्रामीण सोमवार को आम रास्ते पर अतिक्रमण और जलभराव की शिकायत लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। अतिरिक्त मजिस्ट्रेट प्रद्युम्न सिंह कार्यालय से बाहर आए और ग्रामीणों की शिकायत सुनी।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को समस्या के समाधान का आश्वासन देते हुए वापस जाने को कहा। इस पर ग्रामीणों ने कहा कि वे कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। जब तक कार्रवाई नहीं होगी, वे वापस नहीं जाएंगे। इस दौरान अतिरिक्त मजिस्ट्रेट प्रद्युम्न सिंह और ग्रामीणों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि अतिरिक्त मजिस्ट्रेट ने कहा, "अभी इलाज कर दूंगा।" इस पर एक पीड़ित ने जवाब दिया, "ठीक है साहब, आप इलाज ही कर दीजिए।" मामला बढ़ता देख अन्य अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया। इसके बाद ग्रामीण वापस लौट गए।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के आम रास्ते पर कुछ दबंगों ने दीवार खड़ी कर रास्ते को बंद कर दिया है। करीब दो साल से रास्ते की समस्या बनी हुई है। बारिश के बाद रास्ते पर जलभराव होने से ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और किसानों को परेशानी हो रही है। भोगनीपुर एसडीएम देवेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत पर पहले भी जांच कराई गई थी। गांव के अंदर पुरानी सड़क है और उस पर काफी पहले से एक दीवार बनी हुई है। अब नायब तहसीलदार को मौके पर भेजकर जांच कराई जाएगी। यदि हाल में अतिक्रमण किया गया है तो उसे हटवाया जाएगा।