हवासपुर जूनियर विद्यालय में झाडू लगाता छात्र। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
संदलपुर। हवासपुर के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में छात्र के झाड़ू लगाने का वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जानकारी पर बीईओ ने मामले की जांच शुरू की है।
ब्लॉक संदलपुर के हवासपुर स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में 27 बच्चे पंजीकृत हैं। यहां प्रधानाध्यापक जितेंद्र पांडेय व सहायक अध्यापक दीपक कोविंद की तैनाती है। बुधवार को सोशल मीडिया पर विद्यालय का एक वीडियो वायरल हुआ।
इसमें विद्यालय का छात्र झाड़ू लगाते व दूसरा बच्चा बाल्टी लेकर गेट की तरफ जाता दिख रहा है। वायरल वीडियो के संबंध में प्रधानाध्यापक जितेंद्र पांडेय ने बताया कि विद्यालय में एक जुलाई से सफाई कर्मी नहीं आ रहा है। हैंडपंप भी तीन माह से खराब है।
विद्यालय की सफाई शिक्षकों को करनी पड़ती। बच्चों व शिक्षकों को पानी पीने के लिए परिसर के बाहर जाना पड़ता है। मंगलवार को वह कार्यालय में बच्चों के आधार नंबर फीड कर रहे थे। वहीं, सहायक अध्यापक बच्चों को मध्याह्न भोजन करा रहे थे।
भोजन के बाद बच्चे जूठन को झाड़ू से साफ करने लगे। इसी दौरान किसी ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। बीईओ संदलपुर चरनजीत सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है।