दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त निजी बस। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
रूरा (कानपुर देहात)। सिठमरा के विद्यालय में शुक्रवार को यूपी बोर्ड की प्रायोगिक परीक्षा देने जा रहे बाइक सवार दो छात्रों को झींझक-रूरा मार्ग पर सामने से निजी बस ने टक्कर मार दी।
इससे छात्र घायल हो गए। आक्रोशित राहगीरों ने बस पर पथराव कर दिया। वहीं, बस छोड़कर चालक फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्रों को जिला अस्पताल भेजा है।
सिठमरा के एक विद्यालय में इंटरमीडिएट रसायन विज्ञान की प्रायोगिक परीक्षा देने जा रहे चिलौली निवासी शिवा व मल्लाहनपुरवा निवासी सौरभ जैसे ही बाइकसे खुमानपुरवा गांव के पास पहुंचे, तभी सामने से तेज रफ्तार निजी बस ने टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों छात्र दूर जा गिरे। वहीं, घटना देखकर राहगीरों ने बस में पथराव कर दिया। इस दौरान चालक बस नहर किनारे खड़ी कर फरार हो गया। बस में सवार यात्री भी इधर उधर भाग निकले। किसी ने दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने दोनों घायल छात्रों को जिला अस्पताल भेजा। थाना प्रभारी अखिलेश कुमार जायसवाल ने बताया कि घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। झींझक-रूरा नहर रोड से बस को हटवा दिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।