मुंगीसापुर। कानपुर-इटावा हाईवे पर डेरापुर के हरानापुल के पास कोयला लदे ट्रक में अचानक आग लग गई। राहगीरों के शोर मचाने पर चालक ने किसी तरह ट्रक को रोका और कूदकर अपनी जान बचाई। पुलिस के सूचना देने के घंटों बाद भी दमकल कर्मी मौके पर नहीं पहुंचे। इससे ट्रक और कोयला पूरी तरह जल गया।
कानपुर इटावा हाईवे पर डेरापुर के कांधी गांव में हरानापुल के पास कोयला लदा एक ट्रक औरैया की तरफ जा रहा था। उसी दौरान अचानक ट्रक के इंजन में आग गई। लपटे देख राहगीरों ने शोर मचाया तो चालक ने सड़क के किनारे ट्रक को रोककर जान बचाई।
इसके बाद आग से पूरा ट्रक जलने लगा। ट्रक जलता देख औरैया लेन में वाहन जहां के तहां खड़े हो गए। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने दमकल विभाग को खबर दी, लेकिन कोई नहीं पहुंचा। इससे पूरा ट्रक व कोयला जल गया।
हादसे के बाद चालक मौके पर ट्रक छोड़कर चला गया। थाना प्रभारी आदेश चंद्र ने बताया कि ट्रक को सड़क के किनारे कराकर यातायात सुचारु कराया गया है। ट्रक में आग लगने के कारण और चालक का पता लगाया जा रहा।