झींझक (कानपुर देहात)। दो ट्रेनों की चपेट में आकर एक वृद्ध और युवक की मौत हो गई। युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।
मंगलापुर गांव निवासी शिवराम (70) कानपुर के गड़रियन पुरवा की एक बर्फ फैक्ट्री में रहकर मजदूरी करते थे। शुक्रवार को वह कानपुर-टूंडला मेमो से अपने घर जाने के लिए झींझक स्टेशन पर सुबह 10:33 बजे उतरे। कस्बे की तरफ जाने के लिए डाउन लाइन की पटरी पार करने लगे। तभी 10:35 बजे डाउन की स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस आ गई। शिवराम उसकी चपेट में आ गए। इससे उनकी मौत हो गई। जीआरपी चौकी झींझक पहुंचे मृतक के भाई विशंभर ने बताया कि शिवराम का विवाह नहीं हुआ था।
वह कानपुर में रहकर मजदूरी करते थे। वहीं, दिल्ली हावड़ा रेल रूट पर अप की डिब्रगढ़ राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। वह झींझक स्टेशन के खंभा नंबर 1079/27 पूर्वी केबिन के पास ट्रेन की चपेट में आ गया। जीआरपी पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। अभी तक युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। चौकी प्रभारी उपेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक ने शरीर पर काली जींस और कत्थई जांघिया है।