कानपुर देहात जिले के बारा टोल प्लाजा के कैश लेन पर लगी वाहनों की कतार। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। बारा टोल प्लाजा पर रविवार की सुबह फास्टैग सिस्टम लागू होते ही जाम लग गया। सुबह कैश टैक्स देने वाले वाहनों के लिए कानपुर से आने व जाने की तरफ दो-दो लेन चालू की र्गइं। कुछ ही देर में दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। जाम की जानकारी लगते ही एसडीएम अकबरपुर आनंद कुमार सिंह पहुंचे और टोल प्रबंधन को जाम न लगने देने की चेतावनी दी। कैश टैक्स लेने के लिए दोनों तरफ चार और लेन बढ़ाई गईं। इसके बाद भी पूरे दिन टोल पर भीषण जाम लगा रहा।
बारा टोल प्लाजा पर कानपुर से आने व जाने की तरफ 20 लेन संचालित हैं, लेकिन रविवार सुबह आठ बजे फास्टैग सिस्टम लागू होने पर दोनों तरफ की दो-दो लेन टैक्स कैश देने वाले वाहनों के लिए खोली गईं। बाकी सभी फास्टैग लेन के रुप में चालू रहीं। कैश टैक्स देने वाले वाहनों की संख्या अधिक होने पर जाम लग गया। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। टोल की हर लेन पर वाहन आड़े तिरछे खड़े हो गए। इससे फास्टैग लेन भी बंद हो गई। वहीं, फास्टैग लेनों से तमाम ऐसे वाहन बूथ तक पहुंच गए, जिनमें फास्टैग नहीं लगा था। इस पर कर्मचारियों ने उन वाहनों को पीछे हटवा कर कैश लेन से निकलवाया।
फास्टैग व्यवस्था लागू होने पर पहले दिन ही अव्यवस्था रही। टोल कर्मी फास्टैग लेन खाली रखने के लिए जूझते रहे। टोल प्लाजा पर जाम लगने की सूचना पर एसडीएम फोर्स के साथ वहां पहुंचे। उन्होंने टोल के एजीएम मनोज शर्मा को किसी भी हाल में जाम न लगने की चेतावनी दी। कैश टैक्स देने वाले वाहनों के लिए दोनों तरफ दो-दो लेन और बढ़ाई गई। फिर भी कानपुर से आने वाली लेनों में एक से डेढ़ किमी दूर उमरन तक हाईवे पर वाहनों की लंबी लाइन लगी रही।
इसी तरह से कानपुर जाने वाली लेनों पर भी बड़ी संख्या में वाहन जाम में फंसे रहे। अकबरपुर थाना प्रभारी आमोद कुमार सिंह पहुंचे। पूरे दिन वाहन चालकों की टोल कर्मियों से नोकझोंक होती रही। कई बार वाहन चालकों को समझा कर शांत कराया गया।
बारा टोल प्लाजा के एजीएम मनोज शर्मा ने बताया कि पहला दिन होने की वजह से कुछ अव्यवस्था रही है। फास्टैग लगे वाहनों की जानकारी के लिए लेन पर बोर्ड लगाया था। इसके बाद भी कैश टैक्स देने वाले कई वाहन फास्टैग लेनों में चले गए। टोल के सुरक्षा कमियों को ऐसे वाहनों को रोकने के निर्देश दिए गए हैं।