कानपुर देहात। अकबरपुर कोतवाली के चिरौरा निवासी एक महिला को फोन पर 20 लाख रुपये का लकी ड्रा निकलने का झांसा देकर तीन लाख रुपये ठग लिए गए। उसे अलग अलग नंबरों से कॉल करके गुमराह किया गया।
रजिस्ट्रेशन व अन्य टैक्स के नाम पर बैंक खाते में तीन लाख रुपये डलवा लिए गए। इसके बाद शातिरों ने नंबर बंद कर दिए। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने छानबीन शुरू की है।
चिरौरा गांव निवासी सोनी ने बताया कि उसके मोबाइल नंबर पर 11 जनवरी को फोन आया। कॉल करने वाले ने 20 लाख रुपये का लकी ड्रा निकलने का झांसा देकर 35 सौ रुपये रजिस्ट्रेशन के नाम पर खाते में डलवाए।
इसके बाद उसे भरोसे में रखकर कई दिन तक गुमराह किया। फिर 12600 रुपये टैक्स केे नाम पर जमा जमा करा लिए। लगातार उसे अलग-अलग बहाने बनाकर कुल तीन लाख रुपये बैंक खाता संख्या 62143170161 में डलवा लिए।
इसके बाद भी उसे लकी ड्रा की रकम बीस लाख रुपये नहीं मिले तो उसने उन नंबरों पर संपर्क किया। कुछ समय बाद फोन उठाना बंद कर दिया। इस पर उसे ठगी का एहसास हुआ।
मामले में पीड़िता की तहरीर पर शुक्रवार को पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाल विनोद कुमार पांडेय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन की जा रही है।