परिवहन कार्यालय में बकायेदारों की वाल पेंटिंग करता पेंटर
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। परिवहन विभाग के दस बड़े बकायेदारों की सूची कार्यालय में वाल पेंटिंग कर सार्वजनिक कर दी गई है। विभाग लाख जतन के बाद भी इनसे बकाया नहीं वसूल पाई थी। लगातार नोटिस और आरसी जारी कर देने के बाद भी गाड़ी मालिकों ने बकाया नहीं जमा किया। फिलहाल 1200 गाड़ी मालिकों पर करीब एक करोड़ 80 लाख रुपये बकाया है।
कॉमर्शियल वाहनों को समय-समय पर रोड टैक्स, यात्री कर सहित अन्य शुल्क जमा करना होता है। पिछले छह माह की बात न की जाए तो उससे पहले के करीब 1200 वाहनों पर एक करोड़ 80 लाख रुपये बकाया है। विभाग के लाख प्रयास के बाद भी बकाये की वसूली नहीं कर सका। जबकि गाड़ी मालिकों को लगातार नोटिस जारी कर वाहन मालिकों को सूचना दी गई। इसके बाद भी बकाया जमा करने गाड़ी मालिक कार्यालय नहीं पहुंचे। विभाग की ओर से सभी बकायेदारों की आरसी जारी कर दी गई है। साथ ही सूची संबंधित तहसील को भेज दी गई है।
गुरुवार को एआरटीओ प्रशासन ने जिले के दस बड़े बकायेदारों की सूची कार्यालय के वाल पेटिंग कराकर सार्वजनिक कर दी है। एआरटीओ प्रशासन मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि बकायेदारों में कई ऐसे भी हैं, जो अन्य जिले में रह रहे हैं। इन लोगों की सूची संबंधित डीएम को भेज दी गई है। वहां राजस्व विभाग की ओर से बकाया वसूलने की कार्रवाई की जाएगी। एआरटीओ (प्रशासन) ने बताया कि वसूली को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नोटिस भी जारी गई। इसके बाद भी बकाया न जमा करने पर सभी की आरसी जारी कर संबंधित तहसील को भेज दी गई है। दस बड़े बकायेदारों की सूची कार्यालय में सार्वजनिक की गई है।