कानपुर देहात। एबीसी केबल चोरी के मामले में तीन लोगों को गलत तरीके से जेल भेजने में देवराहट एसओ को एसपी ने निलंबित कर दिया गया। वहीं, इस गुडवर्क में शामिल रहे दो दरोगा व चार सिपाहियों को पुलिस लाइन भेजा गया है।
देवराहट के बिड़ौआ गांव से आठ सौ मीटर एबीसी केबल 17 जुलाई 2022 को चोरी हो गया था। 18 जुलाई को बिजली विभाग के नोनापुर फीडर के संविदा कर्मी रवि शंकर ने थाने में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
19 जुलाई को देवराहट थाना पुलिस ने जल्लापुर चौराहे के पास लोडर से केबल ले जाते वक्त अकबरपुर के कालीगंज निवासी जाकिर, बलभद्रापुर के हेमंत कुमार और औरैया के बनारसी दास मोहल्ला निवासी रत्नेश पाठक को गिरफ्तार किया था।
थानाध्यक्ष ने तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया था। वहीं, आरोपियों के परिजनों ने एसपी सुनीति से मिलकर देवराहट पुलिस पर तीनों आरोपियों को गलत तरीके से गिरफ्तार करने की बात कही थी। इस पर एसपी ने सीओ अकबरपुर प्रभात कुमार को जांच सौंपी।
प्रारंभिक जांच में परिजनों के आरोप सही मिलने पर एसपी ने मंगलवार को देवराहट थानाध्यक्ष आनंद कुमार शर्मा को निलंबित कर दिया। वहीं, गुडवर्क में शामिल रहे दरोगा शिशुपाल सिंह, राजीव कुमार, हेड कांस्टेबल प्रभाष कुमार, अनिल कुमार और सिपाही नरेश कुमार व अजीत को लाइन हाजिर कर दिया। मामले की विस्तृत जांच अभी चल रही है। एसपी का कहना है कि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने पर दोषी पुलिसकर्मियों पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।