पुखरायां। भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के मावर गांव के पास से मंगलवार को पुलिस और स्वाट टीम ने डीजल चोरी करने वाले गैंग के सात लोगों को गिरफ्तार किया। इनके पास से बिना नंबर का ट्रक, तीन तमंचे, 240 लीटर डीजल सहित अन्य सामान बरामद किया गया है। पकड़े गए आरोपी मेरठ व कानपुर देहात के निवासी हैं।
भोगनीपुर सीओ तनु उपाध्याय ने बताया कि मंगलवार को कोतवाली के उपनिरीक्षक देवनारायण द्विवेदी और स्वाट टीम प्रभारी प्रशांत गौतम ने पुलिस बल के साथ कानपुर-झांसी हाईवे किनारे के मांवर गांव के पास डीजल चोरी करने वाले गैंग के सात लोगों को गिरफ्तार किया।
इनके पास से एक बिना नंबर का ट्रक, चार ड्रम में 240 लीटर डीजल बरामद किया। मौके से प्लास्टिक ड्रम, टीन के पीपे, कटे ड्रम, बाल्टी, तेल निकालने वाला पाइप, तीन तमंचा ,छह कारतूस, दो छुरी, पांच हजार रुपये और अन्य सामान भी मिला।
गिरफ्तार लोगों की पहचान मेरठ के थाना जानी के सिवाल खास निवासी शाहरुख, नदीम व सिकंदर उर्फ सोएब, थाना मकरपुर के हर्री गांव निवासी तौफीक, थाना बुढ़ाना के जोला निवासी इसरायल उर्फ चौधरी, कानपुर देहात थाना डेरापुर के लडु़वापुर गांव निवासी पूरन सिंह, अकबरपुर के सहाबापुर गांव निवासी मनीष के रूप में हुई।
सभी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम, चोरी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। इन बदमाशों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। ट्रक को सीज कर दिया गया है।