रसूलाबाद। असालतगंज रोड पर वन रेंज कार्यालय के पास शनिवार सुबह तेज रफ्तार पिकअप ने सामने से आ रही स्कूटी में टक्कर मार दी। इससे स्कूटी सवार महिला सड़क पर गिर गई। सिर में चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में साथ में मौजूद छह वर्षीय पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। महिला ने हेलमेट नहीं लगाया था। हादसे के बाद रसूलाबाद-बिल्हौर रोड पर करीब 20 मिनट तक आवागमन रुका रहा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जिसके बाद आवागमन शुरू हो सका।
असालतगंज के खास निवादा गांव निवासी नीरज प्रजापति कोल्ड ड्रिंक की दुकान किए है। उसकी पत्नी राम देवी उर्फ पूनम (30) शुक्रवार शाम को स्कूटी से छह वर्षीय पुत्र आर्यन के साथ पूरन पुरवा गांव में बहन नीलम के यहां गई थी। रात में वह वहीं रुक गई।
शनिवार सुबह पुत्र को लेकर वह वापस घर आ रही थी। रसूलाबाद कस्बे में असालतगंज रोड पर वन रेंज कार्यालय के पास तेज रफ्तार पिकअप ने स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक पिकअप लेकर फरार हो गया।
वहीं सड़क पर गिरकर राम देवी उर्फ पूनम की मौत हो गई, वहीं आर्यन गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल आर्यन को सीएचसी भेजा। वहां से डॉ. रवि प्रकाश सोनी ने उसे हैलट रेफर कर दिया।
हादसे की जानकारी पाकर घटना स्थल पर पहुंचे परिजन बिलखने लगे। इस दौरान रसूलाबाद-बिल्हौर रोड पर 20 मिनट आवागमन ठप रहा। पुलिस ने परिजनों को कार्रवाई का भरोसा देकर शव पोस्टमार्टम को भेजा।
इसके बाद यातायात शुरू हो सका। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई होगी।
कानपुर देहात में महिला की मौत के बाद घटना स्थल से वाहन हटाती पुलिस। (संवाद)- फोटो : AKBARPUR