कानपुर देहात। परिषदीय स्कूलों की दशा सुधारने के लिए शासन की ओर से 6.52 करोड़ रुपये की कंपोजिट ग्रांट जारी की गई है। इससे स्वच्छता के प्रबंध करने के साथ स्कूल की साज-सज्जा और जरूरत का अन्य सामान खरीदा जा सकेगा।
परिषदीय स्कूलों का कायाकल्प करने का काम ग्राम पंचायतों से कराया जा रहा है। स्कूलों में अन्य काम के लिए बेसिक शिक्षक विभाग से छह करोड़ 52 लाख रुपये की कंपोजिट ग्रांट जारी की गई है। यह धनराशि जिले के 1604 प्राथमिक व 674 उच्च प्राथमिक स्कूलों के प्रबंध समिति के खाते में भेजी जाएगी। कंपोजिट ग्रांट का दस प्रतिशत स्वच्छता अभियान में खर्च किया जाएगा। शेष धनराशि कार्य योजना तैयार कर अनुरक्षण मद में खर्च की जाएगी। स्कूल में काम कराने के लिए विद्यालय की प्रबंध समिति (एसएमसी) कार्य योजना बनाएगी। विद्यालय में ब्लैक बोर्ड, हरी पट्टी की मरम्मत, रंगाई-पुताई, वाल पेटिंग, अग्निशमन यंत्र में फिलिंग, आईएसआई मार्क के विद्युत उपकरणों की खरीद, दिव्यांग छात्रों के लिए टीएलएम की खरीद की जाएगी। उच्च प्राथमिक स्कूलों में प्रयोगशालाओं व कंप्यूटर शिक्षा पर भी बजट खर्च किया जा सकेगा।
बीएसए सुनील दत्त ने बताया कि प्रधानाध्यापकों को कंपोजिट ग्रांट के उपयोग का उपभोग प्रमाण पत्र देना होगा। खंड शिक्षा अधिकारी अचानक निरीक्षण कर खर्च करने की हकीकत देखेंगे। प्रबंध समिति के खातों में कंपोजिट ग्रांट स्कूलों की छात्र संख्या के हिसाब से भेजी जाएगी। इसमें एक से 15 बच्चों वाले स्कूलों में 12500, 16 से 100 बच्चों वाले स्कूलों में 25 हजार, 101 से 250 बच्चों तक 50 हजार, 251 से एक हजार बच्चों तक 75 हजार रुपये आवंटित किए जाएंगे। एक सप्ताह के अंदर कंपोजिट ग्रांट स्कूलों में भेजी दी जाएगी।