मंगलपुर के विद्युत उपकेंद्र को चालू कराते अधिकारी।
- फोटो : AKBARPUR
झींझक (कानपुर देहात)। 50 गांवों में अब बिजली फाल्ट कम होंगे। मंगलपुर में पांच एमवी का विद्युत उपकेंद्र शुक्रवार को चालू हो गया है। इससे 15 गांवों को बिजली आपूर्ति चालू भी कर दी गई है। बाकी गांव जल्द इस उपकेंद्र से जोड़ दिए जाएंगे। अभी तक इन गांवों में लगरथा से विद्युत आपूर्ति होती थी। लगरथा फीडर पर लोड ज्यादा होने से आए दिन फाल्ट होते रहते थे।
मंगलपुर में पांच एमवी के विद्युत उपकेंद्र का निर्माण एलएनटी पॉवर की ओर से किया गया है। 1.15 करोड़ रुपये की लागत से इसका निर्माण कराया गया है। विद्युत उपकेंद्र का भवन व फीडर निर्माण होने के साथ ही पांच एमवी का विद्युत ट्रांसफार्मर भी रख गया था। मंगलपुर गांव में केबल भी पड़ गई है। 33 केवी लाइन पर जटियापुर पारेषण केंद्र से मंगलपुर के बीच कार्य पूरा हो चुका है। इस उपकेंद्र से मंगलपुर, सबलपुर, परहौली, सिकहिला, मढौली समेत 50 गांवों को बिजली आपूर्ति मिलेगी।
सिकहिला, मंगलपुर, डिलवल फीडर बनाए गए हैं। उपकेंद्र पर चार एसएसओ की तैनाती हो गई थी। शुक्रवार को मंगलपुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े सिकहिला फीडर के लाड़पुर, असबी, सदना, परहौली समेत 15 गांवों में सप्लाई चालू कर दी गई है। डिलवल फीडर में टेस्टिंग हो रही है। जेई दिलीप कटियार ने बताया कि सिकहिला फीडर की सप्लाई चालू कर दी गई है। डिलवल व मंगलपुर फीडरों की टेस्टिंग चल रही है। शीघ्र ही इन फीडरों को भी विद्युत उपकेंद्र से चालू कर दिया जाएगा।