आग से जला गृहस्थी का सामान। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
झींझक। मंगलपुर थाना क्षेत्र के औरंगाबाद भोलाहुलास गांव में गैस चूल्हे पर खाना बनाते समय पाइपलाइन लीकेज से आग लग गई। इससे किसान की पुत्री के विवाह के लिए रखे 2.17 लाख रुपये व गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया।
औरंगाबाद भोलाहुलास गांव निवासी सत्येंद्र कुमार की पुत्री साधना का छह जून को विवाह है। मंगलवार की सुबह घर में महिलाएं गैस चूल्हे पर खाना बन रही थीं। तभी अचानक सिलिंडर के पाइप से गैस लीक होने लगी।
अचानक आग लगने से गृहस्थी का सामान व 2.17 लाख रुपये नकद जल गए। किसी तरह ग्रामीणों ने आग बुझाई। किसान सत्येंद्र कुमार ने बताया कि बेटी की शादी के लिए पांच दिन पूर्व किसान क्रेडिट कार्ड से पैसे निकाले थे।
नकदी व अन्य सामान आग से जल गया। सूचना पर लेखपाल मौके पर पहुंचे और नुकसान की रिपोर्ट तैयार की। लेखपाल प्रवेंद्र कुमार ने बताया कि आग से हुए नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर डेरापुर तहसील भेजी गई है।