कानपुर देहात। आचार संहिता उल्लंघन के मामले में सिकंदरा से भाजपा प्रत्याशी राज्यमंत्री व आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। वहीं अकबरपुर में प्रचार के दौरान एक दल के खिलाफ गाली गलौज करने का वीडियो वायरल होने पर दो युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
एसडीएम महेंद्र कुमार व सीओ रविकांत गौड़ मंगलवार शाम कस्बे में भ्रमण कर रहे थे। इस दौरान भाजपा प्रत्याशी अजीत पाल व आम आदमी पार्टी के नीरज दीक्षित के कार्यालय में मानक से बड़े बैनर व झंडे लगे मिले। टीम ने दोनों कार्यालयों की वीडियोग्राफी कराई।
इसके बाद फ्लाइंग स्कॉट टीम प्रभारी अशोक कुमार ने दोनों प्रत्याशियों पर आचार संहिता उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज कराई। वहीं अकबरपुर कोतवाली के नबीपुर में प्रचार के दौरान एक दल को गाली देने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ।
इस पर जैनपुर चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र कुमार ने जांच कर क्षेत्र के आलोक यादव, नबीपुर के प्रिंस यादव व कुछ अज्ञात के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन व गाली गलौज करने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। कोतवाल विनोद कुमार पांडेय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन की जा रही है।