झींझक (कानपुर देहात)। एक आठ साल की बालिका से युवक ने दुष्कर्म किया। एसपी ने गांव पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
झींझक के एक गांव में बुधवार देर शाम बालिका खेल रही थी। इसी बीच दबौली गांव निवासी प्रताप बहलाकर घर से कुछ दूर सुनसान स्थान पर ले गया। उसने बालिका का मुंह दबाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद उसे छोड़कर भाग गया। बालिका के रोने की आवाज सुनकर मां पहुंची। मां को बालिका ने पूरी घटना बताई।
गुरुवार सुबह पीड़िता की मां ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद निरीक्षक शिवकुमार सिंह राठौर पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पर दुष्कर्म व पॉक्सो की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली। बालिका का मेडिकल परीक्षण कराया। फॉरेेंसिक टीम ने घटना स्थल पर पहुंचकर कर साक्ष्य इकट्ठा किए। एसपी अनुराग वत्स ने गांव पहुंचकर घटना की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस टीमें सक्रिय हुईं। आरोपी को परजनी नहर पुल के पास से पकड़ लिया गया। निरीक्षक ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
चार दिन बाद बालिका से दुष्कर्म की रिपोर्ट
डेरापुर थाना क्षेत्र के एक गांव में युवक ने महिला मित्र के घर आई किशोरी से दुष्कर्म किया। एसपी के आदेश पर चार दिन पुराने मामले में गुरुवार को पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
एक गांव निवासी व्यक्ति ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि 24 फरवरी को वह रिश्तेदारी में गया था। घर पर पत्नी व 15 वर्षीय पुत्री थीं। शाम को पत्नी खाना बनाने चली गई। आरोप लगाया कि पुत्री को मवई मुक्ता निवासी विमल कुमार की महिला मित्र ने घर में बुला लिया। इसके बाद विमल कुमार ने कमरे में जाकर पुत्री से दुष्कर्म किया। किसी को कुछ बताने पर चेहरे पर तेजाब डालने की धमकी दी। पुत्री को गमगीन देख पत्नी से पूछा तो उसने पूरी घटना बताई। एसपी ने थाना प्रभारी को रिपोर्ट दर्ज करने का निर्देश दिया। प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार यादव ने बताया कि आरोपी पर दुष्कर्म, धमकी व उसकी महिला मित्र पर सुनियोजित षड्यंत्र की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।