प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर जनसभा स्थल का निरीक्षण करते भाजपा जिलाध्यक्ष। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। विधानसभा चुनाव के लिए जनपद में 20 फरवरी को होने वाले मतदान को लेकर अब राजनीतिक दलों के स्टार प्रचारकों के दौरे शुरू हो गए हैं। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अकबरपुर में 14 फरवरी को आगमन प्रस्तावित है। चुनावी जनसभा के लिए शहजादपुर के पास मैदान को चिह्नित कर लिया गया है।
जनपद की चारों विधानसभा अकबरपुर-रनियां, भोगनीपुर, सिकंदरा व रसूलाबाद आरक्षित सीट में कमल खिलाने के लिए भाजपा कोई कसर नहीं छोड़ रही है। ऐसे में प्रधानमंत्री का आगमन किसी संजीवनी से कम नहीं होगा।
बुधवार को अकबरपुर पार्टी कार्यालय में प्रेसवार्ता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष अविनाश सिंह चौहान ने बताया कि प्रधानमंत्री की जनसभा 14 फरवरी को अकबरपुर कस्बे के शहजादपुर राजकीय डिग्री कॉलेज के बगल में बने मैदान में होगी। जिसकी तैयारियां की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि जनसभा में सभी बूथों से कम से कम सौ-सौ बुजुर्ग व युवा मतदाताओं समेत काफी लोगों की भीड़ जुटने की संभावना है। ऐसे में कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करते हुए भीड़ के लिए व्यवस्था की जा रही है।
वहीं शाम को जिलाध्यक्ष, वरिष्ठ नेता डॉ. सतीश शुक्ला, पूर्व राज्यमंत्री राजकुमारी कुशवाहा समेत अन्य पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। मौके पर जेसीबी व ट्रैक्टर बुलाकर मैदान को समतल बनाने का काम शुरू कराया गया है। इस दौरान बबलू कटियार, मीडिया प्रभारी विकास मिश्रा आदि मौजूद रहे।