पुखरायां (कानपुर देहात)। भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के मांचा गांव की एक युवती की रिपोर्ट न लिखने और पिटाई करके परिजनों समेत उसे जेल भेजने में दो दरोगाओं और सिपाही के खिलाफ सीबीसीआईडी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। युवती की शिकायत पर सीबीसाईडी की जांच में मामला सही निकलने पर यह कार्रवाई की गई है।
ओम प्रकाश सचान की पुत्री स्वाती देवी ने बताया कि गांव में ही संचालित बैंक ऑफ बड़ौदा के ग्राहक सेवा केंद्र में उन्होंने खाता खोलकर पैसा जमा किए थे। इसकी संचालिका मनीषा सचान और उनके पति प्रवीण कुमार सचान ने धोखाधड़ी करके खातों से पैसे निकाले थे। 23 जुलाई 2017 को धोखाधड़ी की रिपोर्ट लिखने के लिए पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया था। पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी। 24 जुलाई 2017 को फिर से थाने जाकर रिपोर्ट न लिखने पर आपत्ति जताई गई।
दरोगा विष्णुकांत तिवारी वीरेंद्र सिंह यादव से रिपोर्ट दर्ज करने को कहा तो गाली-गलौज करने लगे। मना करने पर कई पुलिसकर्मियों ने मारपीट कर दी। एक महिला दरोगा की तहरीर पर पुलिसकर्मियों से मारपीट का मुकदमा पंजीकृत करके पिता ओम प्रकाश, मां चंद्रकांती के उसे जेल भेज दिया था। इस शिकायत की जांच सीबीसीआईडी कर रही थी। जांच में मामला सही पाए जाने पर मंगलवार को सीबीसीआईडी के इंस्पेक्टर बृजेंद्र कुमार सिंह ने वरिष्ठ उप निरीक्षक विष्णु कांत तिवारी, उप निरीक्षक वीरेंद्र सिंह यादव व सिपाही ब्रजेश कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
उन्होंने बताया कि 23 जुलाई 2017 को प्रार्थना पत्र देने के बाद भी इन पुलिसकर्मियों ने स्वाती देवी की रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। शिकायतकर्ताओं के साथ मारपीट की गई। औरउनके खिलाफ मुकदमा लिखकर जेल भी भेजा गया।
-