थाने में जानकारी देती मृतक की भतीजी...
- फोटो : अमर उजाला
रसूलाबाद थाना क्षेत्र के मालका पुरवा में गुरुवार देर रात पड़ोसियों ने छत पर आकर एक वृद्ध के साथ लाठी डंडों से मारपीट कर दी। खून से लथपथ हालत में वृद्ध को परिवार के लोग लेकर सीएचसी पहुंचे जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मालका पुरवा निवासी गंगा प्रसाद वाजपेयी (65) अविवाहित थे। वह भाई सुशील वाजपेयी के साथ रहते थे। गुरुवार रात आठ बजे के करीब पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों ने गंगा प्रसाद पर लाठी डंडे से हमलाकर मरणासन्न कर दिया। खून से लथपथ गंगाप्रसाद को परिवार के लोग लेकर सीएचसी पहुंचे तो वहां डॉ. सादिक ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी परिवार के लोगों ने रसूलाबाद पुलिस को दी। मौके पर थाने के अपराध निरीक्षक अनुज अवस्थी पहुंचे। पुलिस को मृतक के भाई सुशील व भतीजी प्रीतू ने बताया कि रात आठ बजे के करीब परिवार के सभी लोग आंगन में बैठे खाना खा रहे थे। इसी बच पड़ोस के रहने वाले कुछ लोग छत पर आकर बेवजह गाली गलौज करने लगे। इस पर खाना खाते से उठकर गंगा प्रसाद उन्हें समझाने चले गए।
आरोप है कि जैसे ही वह जीने से चढ़कर छत पर पहुंचे तभी पड़ोसियों ने लाठी डंडों से गंगा प्रसाद पर हमलाकर दिया। मारपीट में वह बुरी तरह से घायल हो गए। चीख सुन बचाने के लिए भतीजी प्रीतू व भतीजा शीलू पहुंचे। इस बीच हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। खून से लथपथ हालत में अस्पताल लाने पर उन्हें मृत घोषित किया गया।
प्रभारी थानाध्यक्ष अपराध निरीक्षक अनुज अवस्थी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। हमलावरों की तलाश में दबिश दी जा रही है।