कानपुर देहात। बेसिक शिक्षा विभाग ने लॉकडाउन की अवधि में बच्चों को ऑनलाइन पढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों से कहा है कि शिक्षक स्कूल के प्रत्येक बच्चे से संपर्क के लिए उसके अभिभावक का मोबाइल नंबर जुटाएं। 20 अप्रैल तक शत-प्रतिशत बच्चों से संपर्क कर शिक्षण कार्य शुरू कर दिया जाए।
लॉकडाउन के कारण सभी स्कूल बंद चल रहे हैं। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। बच्चों के नुकसान को देखते हुए शिक्षण कार्य शुरू कराने के लिए विभाग शिक्षकों के व्हाट्स एप नंबर पर शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराएगा। इसके बाद प्रतिदिन फीडबैक लिया जाएगा। शिक्षक व्हाट्स एप, फोन काल, दीक्षा एप, ई-पाठशाला, यू ट्यूब चैनल के माध्यम से पढ़ाई कराएंगे। जिन अभिभावकों के पास स्मार्ट फोन नहीं हैं, उनके छात्रों को फोन कॉल से बात कर शिक्षण कार्य कराया जाएगा। इसके लिए खंड शिक्षा अधिकारी शिक्षकों को प्रेरित करेंगे। रेडियो में प्रसारित होने वाले मीना की दुनिया, फुल आन मिक्की, आओ अंग्रेजी सीखें कार्यक्रम के एपीसोड सुनने के लिए बच्चों को जागरूक किया जाएगा। प्रत्येक दिन कराए गए शिक्षण कार्य का विवरण विभाग के व्हाट्स एप ग्रुप में शिक्षक अपलोड करेंगे। इससे उनके लापरवाही की गुंजाइश नहीं रहेगी। बीएसए सुनीद दत्त ने कहा कि ऑनलाइन शिक्षण कार्य कराने के लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किया गया है। शिक्षण कार्य की मॉनीटरिंग की जाएगी। ऑनलाइन शिक्षण कार्य की निगरानी व समस्या दूर करने के लिए एक नोडल नामित किया जाएगा। नोडल अफसर आनलाइन शिक्षण कार्य में आ रही समस्याओं को दूर करने के लिए काम करेगें।