कानपुर देहात/बरौर। अकबरपुर के आंबेडकर नगर निवासी काजल (14) को कुछ दिन पहले बुखार आने के बाद कानपुर प्राइवेट अस्पताल में परिजनों ने भर्ती कराया था। सोमवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, मलासा के गिरदौं गांव निवासी जागेश्वर की पत्नी इंदल बेटी (60) को बीते एक सप्ताह से बुखार आ रहा था। अकबरपुर के एक नर्सिंगहोम में इलाज चल रहा था। शनिवार को आराम मिलने पर उसके परिजन घर वापस ले आए थे। रात में मौत हो गई है। सीएचसी देवीपुर के प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. विकास कुमार ने बताया कि गांव में शनिवार को मेडिकल टीम भेजी गई थी। इसमें महिला की अकबरपुर स्थित चिकित्सालय में इलाज कराने की पुष्टि हुई थी।
सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम संदलपुर व मलासा के बरगवां गांव पहुंची। वहां 117 घरों में दवा का छिड़काव किया गया। इसके अलावा 177 घरों के आस-पास जमा पानी को साफ कराया। डिप्टी सीएमओ डॉ. एपी वर्मा ने बताया कि बरगवां गांव में राखी डेंगू की चपेट में आ गई थी। टीम ने गांव पहुंचकर दवा का छिड़काव कराया है। साथ ही बुखार से पीड़ित लोगों को दवा भी बांटी गई। इसके अलावा गांव के लोगों को संचारी रोगों की रोकथाम के लिए जागरुक किया गया। लोगों को घर के आस-पास रुके पानी को साफ करने के निर्देश दिए गए।