शिवली। मैथा तहसील के सरैयां गांव में लेखपाल ने छह लोगों पर 12 बीघा सरकारी भूमि पर कब्जा करने व रोकने पर फसल बोने की तैयारी करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इनमें चार सगे भाई है। जबकि दो अन्य भी सगे भाई हैं।
कोतवाली शिवली के सरैयां गांव में तैनात लेखपाल धर्मेंद्र तिवारी ने बताया कि सरकारी अभिलेखों में भूमि ऊसर में दर्ज है। कीमती जगह देख चार सगे भाई रतीराम, मुकेश, संजय व लखनपाल तथा दो अन्य सगे भाई रमेश व भीम ने मिलकर दो-दो बीघा जमीन पर कब्जा कर लिया। लेखपाल ने जब जबरन सरकारी भूमि पर कब्जा करने से मना किया तो वह नहीं माने। आरोप है कि उक्त लोगों ने जमीन पर मेड़बंदी कर धान की फसल लगाने की तैयारी शुरू कर दी। थाना प्रभारी वीरपाल सिंह ने कहा कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जाएगी।
मैथा तहसील की कई अन्य ग्राम सभाओं में सरकारी भूमि पर धड़ल्ले से कब्जे से हो रहे हैं। इसके बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। सरैयां के लेखपाल ने रिपोर्ट दर्ज कराकर अवैध कब्जेदारों को कड़ा संदेश दिया है। एसडीएम रामशिरोमणि ने भी पिछले महीने मांडा गांव में जेसीबी से अवैध कब्जे को गिरवाया था।