कानपुर देहात। माती में चल रहे कानपुर देहात महोत्सव में रविवार को कैलाश खेर के आने में देरी होने पर अफसरों ने गायन की कमान संभाल ली। एडीएम और एसपी ने गाने गाए। इस पर पंडाल में मौजूद दर्शकों ने तालियां बजाईं।
कैलाश खेर का महोत्सव में शाम को साढ़े सात बजे से कार्यक्रम तय था। हालांकि वह रात 9 बजे तक नहीं पहुंचे। इस पर लोगों का मनोरंजन करने के लिए अफसरों ने बागडोर थाम ली। पहले एडीएम वित्त एवं राजस्व जेपी गुप्ता ने जो तुमको हो पसंद वहीं बात कहेंगे और जिसने पाप न किया हो...गीत सुनाया।
इसके बाद एसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बदन पर सितारे लपेटे हुए...व मेरे सपनों की रानी...गाना सुनाया तो लोगों ने खूब तालियां बजाई। एसपी का आज जन्मदिन भी था। उन्होंने कहा कि कभी ऐसा प्लेटफार्म नहीं मिला। पहली बार है कि इतने लोग एक साथ बधाई दे रहे हैं।
वहीं, कैलाश खेर का बैंड स्टाफ उनके आने से दो घंटे पहले ही पहुंच गया। इस दौरान मंच पर साजो समान सेट किया गया। महोत्सव में गायक के मंच पर आने से पहले तक प्रशासन की ओर से पंडाल में सोफे और कुर्सियों के रखने का दौर चलता रहा।