फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कानपुर देहात : बैंक से नलकूप बोरिंग के लिए लिया था कर्ज, अदा न कर पाने पर किसान ने लगाई फांसी

विज्ञापन
इंद्रकुमार की मौत पर बिलखते परिजन। संवाद - फोटो : AKBARPUR
विज्ञापन
सिकंदरा (कानपुर देहात)। ऊमरपुर गांव में कर्ज से परेशान किसान ने सोमवार की रात फांसी लगा ली। मंगलवार की सुबह खेत के पास लगे पेड़ पर उनका शव फंदे से लटका मिला। परिजनों के अनुसार मार्च में घर पर बैंक के रिकवरी अफसर पहुंचे थे। ऋण अदा न करने पर जमीन जाने के डर से वह तनाव में थे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विज्ञापन

ऊमरपुर निवासी इंद्र कुमार (52) सोमवार रात घर से खेत पर लगे नलकूप पर जाने की बात कह कर निकले थे। इसके बाद मंगलवार की सुबह नीम के पेड़ पर फंदे से उनका शव लटका मिला। खेत गए किसानों ने इसकी सूचना परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजन शव देख बिलख पड़े।
सूचना पर पुलिस के साथ पहुंची फोरेेंसिक टीम ने शव को फंदे से उतारा और साक्ष्य संकलित किए। परिजनों ने पुलिस को बताया कि इंद्र कुमार बैंक के कर्ज को लेकर काफी दिनों से परेशान थे। रुपये का जुगाड़ नहीं होने पर उनके मन में जमीन जाने का डर बस गया था।
विज्ञापन

मृतक के भाई राजकुमार ने बताया कि नलकूप बोरिंग के लिए वर्ष 2014 में राजपुर की बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा से 1.33 लाख रुपये ऋण लिया था। पिता छब्बेलाल व भाई इंद्र कुमार का संयुक्त खाता था। पिता की मौत हो चुकी है।
मार्च में बैंक के रिकवरी अफसर गांव आए थे। उन्होंने 2.98 लाख रुपये ऋण बकाया होने की जानकारी दी थी। कहा था कि खाता एनपीए हो गया है। ऋण अदा नहीं होगा तो जमीन कुर्क की जाएगी। इसके बाद से जमीन जाने को लेकर वह तनाव में थे।
इंद्र कुमार की पत्नी रामदुलारी ने बताया कि उसके हिस्से में तीन बीघा जमीन है। चार पुत्र व पांच पुत्रियां थी। तीन पुत्रियों की शादी हो गई। किसी तरह से गुजारा हो रहा था। थाना प्रभारी राम गोविंद मिश्रा ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। अगर तहरीर मिलेगी तो जांच की जाएगी। इधर बैंक ऑफ बड़ौदा के रिकवरी अफसर शिवम कुमार ने बताया कि ऋणदाता के सर्वे के लिए तीन मार्च को वह ऊमरपुर गए थे। किसान को ऋण की स्थिति के बारे में बताया गया था। इसके बाद कोई गांव नहीं गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें