कानपुर देहात में सट्टी थाना क्षेत्र के शाहजहांपुर के पास मुगल रोड पर तेज रफ्तार लोडर ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में मासूम बच्चे की मौत हो गई। जबकि पिता व पांच वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। मंगलपुर थाना क्षेत्र के डबरापुर निवासी कामिनी ने बताया कि सोमवार को रक्षाबंधन पर्व पर वह पति सोनू कुशवाहा (27) बेटी विशाखा (5) व बेटे यश बाबू (3) के साथ मायके जहानाबाद के असनिया गई थी।
भाइयों को राखी बांधने के बाद मंगलवार को पति और बच्चों के साथ बाइक से वापस डबरापुर लौट रही थीं। सट्टी थाना क्षेत्र के शाहजहांपुर के पास मुगल रोड पर एक पेट्रोल पंप के सामने पहुंचने पर राजपुर की ओर से आए तेज रफ्तार लोडर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बेटी विशाखा (5) यश बाबू (3) व पति सोनू कुशवाहा गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि वह बाल बाल बच गईं। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को राजपुर पीएचसी में भर्ती कराया। जहां डाॅ. शिवकुमार ने यश बाबू को मृत घोषित कर दिया।
वहीं घायल सोनू को अधिक चोट आने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इकलौते बेटे की मौत से कामिनी बदहवास रही। घटना की सूचना पर बड़ी संख्या में लोग अस्पताल में इकठ्ठा हो गए। परिवार के लोग भी जा पहुंचे। वहीं हादसा कर भाग रहे लोडर चालक को ग्रामीणों ने राजपुर पुलिस की मदद से रसूलपुर नहर बंबा के पास पकड़ लिया। पुलिस उसे थाने लेजाकर पूछताछ कर रही है। सट्टी थानाध्यक्ष संजेश कुमार ने बताया कि लोडर चालक को हिरासत में लिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
आंखों के सामने इकलौते बेटे की मौत, मां बदहवास
हादसे की जानकारी मिलती ही कामिनी व सोनू के घर वाले अस्पताल व पोस्टमार्टम जा पहुंचे। बेटे यश की मौत के बाद मां कामिनी बदहवाश रही। वह रोती बिलखती रही, परिवार के लोग उसे ढांढस बंधाते रहे। वह बार बार कह रही थी, उसकी आंखों के सामने इकलौते बेटे की मौत हो गई, आैर वह कुछ नहीं कर पाई। वह कभी पति तो कभी यश के बारे में लोगों से जानकारी कर बेहोश हो जाती रही।