राजपुर। ब्लॉक का करीमनगर प्राथमिक विद्यालय शनिवार को तय समय से ढाई घंटे देरी से खुला। इस दौरान बच्चे स्कूल गेट पर शिक्षक का इंतजार करते रहे। 11:30 बजे सहायक शिक्षक चाबी लेकर विद्यालय पहुंचे तो बच्चे अंदर जा सके। मामले में बीईओ ने लापरवाह सहायक अध्यापक के खिलाफ निलंबन की संस्तुति के साथ रिपोर्ट बीएसए को भेजी है।
शासन ने बेसिक शिक्षा विभाग से जुड़े सभी विद्यालयों को सुबह नौ बजे से खोलने के आदेश दिए हैं। करीमनगर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के बच्चे शनिवार को तय समय पर विद्यालय पहुंच गए। इस दौरान शिक्षामित्र उमाशंकर व संजू देवी भी पहुंच गईं।
यहां 11 बजे तक स्कूल का ताला नहीं खुला। जानकारी पर विद्यालय कमेटी के अध्यक्ष जयकिशन शर्मा मौके पर पहुंचे तो बच्चों व अभिभावकों ने बताया कि स्कूल में प्रभारी प्रधानाध्यापक रुचि देवी व सहायक अध्यापक रजत पटेल की तैनात हैं।
किसी भी अध्यापक के आने-जाने का समय निर्धारित नहीं है। अध्यापक अक्सर दो घंटे लेट आते हैं। समय से पहले स्कूल बंद करके चले जाते हैं। इसके बाद ग्रामीणों ने बीएसए व बीईओ से स्कूल नहीं खुलने की शिकायत की।
तब करीब 11:30 बजे सहायक अध्यापक रजत पटेल चाबियां लेकर विद्यालय पहुंचे। ताला खुलने के बाद बच्चों को कक्षाओं में बैठाया गया। सहायक अध्यापक रजत पटेल का कहना है कि प्रभारी प्रधानाध्यापक एक दिन की छुट्टी पर है। चाबी लाने में उन्हें देरी हुई।
सहायक अध्यापक को लापरवाही बरतने पर पहले भी नोटिस दिया गया है। तीन दिन का वेतन भी काटा जा चुका है। इसके बाद भी सहायक अध्यापक की कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हुआ है। लापरवाह सहायक अध्यापक के निलंबन के लिए बीएसए को आख्या भेजी गई है। - देवेंद्र पटेल, बीईओ